दुबई एयरपोर्ट के पास धमाके से दहलीं पीवी सिंधु, ऑल इंग्लैंड ओपन के रास्ते में फंसी भारतीय स्टार

कोच को जान बचाकर भागना पड़ा, टीम ने सुरक्षित स्थान पर ली शरण

दुबई एयरपोर्ट के पास धमाके से दहलीं पीवी सिंधु, ऑल इंग्लैंड ओपन के रास्ते में फंसी भारतीय स्टार

दुबई, 02 मार्च (वेब वार्ता)। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फंस गई हैं।

सिंधु 3 मार्च से शुरू होने वाले प्रतिष्ठित ‘ऑल इंग्लैंड ओपन’ के लिए बर्मिंघम जा रही थीं, लेकिन पश्चिम एशिया में छिड़े युद्ध के कारण उनकी उड़ान रोक दी गई।

सिंधु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर बेहद डरावने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जहाँ उनकी टीम रुकी थी, उसके ठीक पास एक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद एयरपोर्ट परिसर में धुआं और मलबा दिखाई देने लगा, जिससे यात्रियों में भगदड़ मच गई।

सिंधु ने बताया कि स्थिति पल-पल खराब हो रही है और यह उनके जीवन के सबसे तनावपूर्ण क्षणों में से एक है। धमाके के वक्त उनके कोच उस स्थान के सबसे करीब थे, जिन्हें तुरंत जान बचाकर वहां से निकलना पड़ा। हालांकि, बाद में सिंधु ने पुष्टि की कि उनकी पूरी टीम सुरक्षित है और स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें एयरपोर्ट कॉम्प्लेक्स के भीतर ही एक अधिक सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया है।

उन्होंने इंस्टाग्राम पर एयरपोर्ट के विजुअल्स भी साझा किए, जिसमें उड़ानों के सस्पेंड होने के कारण मची अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है।
संकट की इस घड़ी में दुबई स्थित भारतीय उच्चायोग सिंधु और उनकी टीम के साथ लगातार संपर्क में है।

पीवी सिंधु ने भारतीय उच्चायोग और दुबई अथॉरिटीज का आभार जताते हुए कहा कि उनके जबरदस्त सपोर्ट की वजह से वे अब सुरक्षित महसूस कर रही हैं।

फिलहाल सिंधु स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रही हैं ताकि वे अपने अगले मुकाबले के लिए समय पर बर्मिंघम पहुँच सकें। पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष को देखते हुए भारत सरकार भी वहां फंसे अपने खिलाड़ियों और नागरिकों की सुरक्षा पर पैनी नजर बनाए हुए है।