सूरत :  आढ़तिया कपड़ा एसोसिएशन, सूरत का होली स्नेह मिलन: फूलों की होली में रंगा फागुन महोत्सव

व्यापारिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र के गणमान्यों की मौजूदगी में प्रेम और भाईचारे का संदेश

सूरत :  आढ़तिया कपड़ा एसोसिएशन, सूरत का होली स्नेह मिलन: फूलों की होली में रंगा फागुन महोत्सव

आढ़तिया कपड़ा एसोसिएशन, सूरत द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी होली स्नेह मिलन एवं फागुन महोत्सव का भव्य आयोजन शनिवार, 28 फरवरी 2026 को मानदरवाजा स्थित राजहंस इम्पीरिया परिसर में किया गया। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस समारोह में व्यापारिक संगठनों के अग्रणियों सहित लगभग एक हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।

आढ़तिया कपड़ा एसोसिएशन ‘आकाश’ द्वारा आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह में देशभर से जुड़े संगठन के सदस्यों का स्नेह और एकता देखने को मिली। पिछले 68 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस पारंपरिक उत्सव में सूरत सहित देश के विभिन्न शहरों से आए व्यापारियों ने भाग लेकर फूलों की होली खेली और उत्सव को यादगार बना दिया। पूरे देश की विभिन्न कपड़ा मंडियों से आए व्यापारियों ने एक मंच पर एकत्र होकर उत्सव में चार चांद लगाए। 

टेक्सटाइल नगरी सूरत में आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र के लोगों का भी संगम देखने को मिला। रंगों के पावन पर्व होली को प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के संदेश के साथ मनाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में फूलों की होली मुख्य आकर्षण रही। समारोह में शामिल लोगों ने बिना किसी भेदभाव के एक-दूसरे पर फूल बरसाकर उत्सव का आनंद लिया और आपसी स्नेह को मजबूत किया। 

D01032026-02

एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रहलाद अग्रवाल ने बताया कि पूरे देश से जुड़े सदस्यों की मौजूदगी के कारण यह स्नेह मिलन विशेष बन जाता है, क्योंकि इस अवसर पर अलग-अलग कपड़ा मंडियों से जुड़े व्यापारी एक मंच पर मिलते हैं और आपसी संबंधों को मजबूत करते हैं। समारोह में राजस्थान और हरियाणा से आए लोकसंगीत कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया, जिससे माहौल पूरी तरह फागुनी रंग में रंग गया।

उन्होंने बताया कि फागुन महोत्सव में जयपुर के प्रख्यात गायक और राजस्थान-हरियाणा के लोकसंगीत कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। गीत-संगीत, राजस्थान के पारंपरिक घूमर नृत्य और लोकगीतों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच लोगों ने उत्साहपूर्वक फूलों की होली खेली और फागुनी उल्लास साझा किया।

समारोह में ठंडाई और पारंपरिक स्वादिष्ट अल्पाहार की विशेष व्यवस्था भी की गई थी, जिसका सभी ने आनंद लिया। आयोजन को सफल बनाने में एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कार्यक्रम में देशभर की प्रमुख कपड़ा मंडियों के प्रतिष्ठित व्यापारियों के अलावा उपमहापौर नरेन्द्र पाटिल, पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत, डीसीपी सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, राजनीतिक हस्तियां, विभिन्न व्यापारिक संगठनों, टेक्सटाइल, मिल और वीवर एसोसिएशनों के पदाधिकारी तथा विभिन्न टेक्सटाइल मार्केटों के प्रमुख-सचिव समेत बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित रहे। रंग, संगीत और आपसी भाईचारे के वातावरण में आयोजित यह होली स्नेह मिलन समारोह सामाजिक समरसता और व्यापारिक एकता का प्रतीक बनकर उभरा। उत्सव के अंत में एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रहलाद अग्रवाल के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं और सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Tags: Surat