गंभीर ने ऋषभ की प्रशंसा करते हुए कहा, आपने देश को प्रेरित किया
लंदन, 28 जुलाई (वेब वार्ता)। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर के बाद भी बल्लेबाजी करने के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की जमकर प्रशंसा की है।
गंभीर ने कहा कि गंभीर चोट और दर्द के बाद भी ऋषभ ने जिस जज्बे से बल्लेबाजी की उसकी जितनी सराहना की जाये वह कम है। गंभीर ने ड्रेसिंग रूम में ऋषभ की सराहना की और कहा कि मैं हमेशा से व्यक्तिगत प्रदर्शन पर बात नहीं करता लेकिन यहां जिस प्रकार का साहसिक काम उसने किया है प्रशंसा तो करनी ही पड़ेगी।
उन्होंने बार-बार खुलकर टीम की जीत का श्रेय व्यक्तियों को देने पर नाराजगी जताई है पर इस बार गंभीर ने अपने ही नियम को तोड़ा है, क्योंकि ऋषभ के साहसिक प्रदर्शन ने उन्हें बेहद प्रेरित किया है। गंभीर के अनुसार इस बल्लेबाज का ये प्रदर्शन आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। जिस प्रकार इस बल्लेबाज ने टीम की जरुरत के लिए दूसरे दिन वापस आकर अर्धशतक लगाया उसके जितनी प्रशंसा की जाये वह कम है।
पंत को क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स-स्वीप करने की कोशिश करते हुए अपने दाहिने पैर पर चोट लगी, जिससे उनका पैर सूज गया और दर्द के कारण व जमीन पर पैर नहीं रख पा रहे थे। इसी कारण उन्हें गोल्फ कार्ट में बैठाकर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा था।
इसके बाद भी वह दूसरे दिन सुबह बल्लेबाजी करने के लिए लंगड़ाते हुए मैदान में आए, जिससे प्रशंसक भी हैरान हो गये और उन्होंने खड़े होकर उनका जोरदार स्वागत किया। ऋषभ ने अर्धशतक लगाकर भारतीय टीम को एक अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।
ड्रेसिंग रूम में गंभीर ने कहा कि ऋषभ ने देश को किया है। उन्होंने कहा, “आम तौर पर मुझे व्यक्तियों के बारे में बात करना पसंद नहीं है। मैंने कभी टीम खेल में व्यक्तियों के बारे में बात नहीं की पर आपने न केवल इस ड्रेसिंग रूम को प्रेरित किया है, बल्कि आपने अगली पीढ़ी को भी प्रेरित किया है।
यही आपने किया है।” उन्होंने जोड़ा, “और यही वह विरासत है जो आपने अपने लिए और इस ड्रेसिंग रूम में सभी के लिए बनाई है। इसके लिए देश आप पर गर्व करेगा।”
