लता मंगेशकर को याद कर सोनू निगम ने शेयर किया भावुक पोस्ट

लता मंगेशकर को याद कर सोनू निगम ने शेयर किया भावुक पोस्ट

मुंबई, 13 जुलाई (वेब वार्ता)। बालीवुड के मशहूर गायक सोनू निगम ने एक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर की, जो स्वर कोकिला लता मंगेशकर के साथ उनके आत्मीय रिश्ते की एक भावुक झलक पेश करती है।

इस तस्वीर में वे मंच पर लता मंगेशकर के सामने घुटनों के बल बैठकर सिर झुकाकर उन्हें प्रणाम कर रहे हैं और लता जी भी हाथ जोड़कर उनके अभिवादन को स्वीकार कर रही हैं।

सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर यह तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि यह 2013 की घटना है, जब उनकी मां के निधन के कुछ महीने बाद मुंबई के षणमुखानंद हॉल में दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल के लिए फंड जुटाने वाले एक शो में उन्हें गाने का मौका मिला था। उस वक्त मंच पर वे अपने जज्बात पर काबू नहीं रख पाए और लता जी को हाथ जोड़कर प्रणाम किया।

इस पर लता मंगेशकर ने उन्हें प्यार से थामते हुए कहा था- मैं हूं ना, मैं हूं ना। लता मंगेशकर का निधन 6 फरवरी 2022 को 92 वर्ष की आयु में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ था। जनवरी 2022 की शुरुआत में वे कोविड-19 से संक्रमित हो गई थीं। इसके साथ ही उन्हें निमोनिया भी हो गया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

करीब एक महीने तक इलाज चलने के बावजूद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण उनका निधन हो गया। उनके जाने से भारतीय संगीत जगत में गहरा शोक छा गया था। सोनू निगम ने अपने करियर में भारतीय संगीत को कई अनमोल गीत दिए हैं। उन्हें उनकी गायकी की विविधता के लिए जाना जाता है।

उनके गीतों में रोमांस, ब्रेकअप, शास्त्रीय, भक्ति, पार्टी, देशभक्ति, गजल, कव्वाली, रॉक और पॉप जैसी तमाम शैलियां शामिल हैं। वे अब तक 32 से ज्यादा भाषाओं में 6,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड कर चुके हैं। उन्हें आधुनिक रफी भी कहा जाता है।

अपने करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने मोहम्मद रफी के गीतों को एल्बम के रूप में गाया और इससे उन्हें काफी पहचान मिली। हिंदी और कन्नड़ के अलावा उन्होंने बंगाली, मराठी, तेलुगू, तमिल, उड़िया, अंग्रेजी, असमिया, मलयालम, गुजराती, भोजपुरी, नेपाली, तुलु, मैथिली और मणिपुरी जैसी भाषाओं में भी गीत गाए हैं।