निवेशकों के सतर्क रुख के बीच सेंसेक्स-निफ्टी टूटे
मुंबई, 09 जुलाई (वेब वार्ता)। स्थानीय शेयर बाजार में बुधवार को गिरावट आई और आईटी और तेल एवं गैस शेयरों में बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स 176 अंक के नुकसान में रहा।
वैश्विक स्तर पर मिले-जुले रुख और कंपनियों के नतीजों से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। सेंसेक्स 176.43 अंक की गिरावट के साथ 83,536.08 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 330.23 अंक तक टूट गया था।
निफ्टी भी 46.40 अंक की गिरावट के साथ 25,476.10 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और आईसीआईसीआई बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।
दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अल्ट्राटेक सीमेंट और पावर ग्रिड शामिल हैं। जानकारों ने कहा, भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सीमित दायरे में रहे। वैश्विक व्यापार तनाव और शुल्क के बावजूद, निवेशकों का ध्यान घरेलू कंपनियों के वित्तीय नतीजों और संरचनात्मक वृद्धि को प्रभावित करने वाले कारकों की ओर बढ़ रहा है।
इसमें शहरी मांग में संभावित सुधार और बुनियादी ढांचे पर आधारित खर्च में तेजी शामिल हैं। अमेरिका ने जवाबी शुल्क को एक अगस्त तक के लिए टाल दिया है।