अंतरिक्ष उड़ान का अनुभव करने के लिए बेहद उत्साहित हूं : एक्सिओम मिशन-4 के पायलट शुक्ला

अंतरिक्ष उड़ान का अनुभव करने के लिए बेहद उत्साहित हूं : एक्सिओम मिशन-4 के पायलट शुक्ला

नयी दिल्ली, 30 जनवरी (भाषा) अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के लिए एक्सिओम मिशन-4 के पायलट के रूप में नामित भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ‘भारतवासियों’ के साथ अपने अनुभव साझा करने के लिए उत्सुक हैं।

वह अपनी अंतरिक्ष यात्रा पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाली वस्तुएं ले जाने की योजना बना रहे हैं और कक्षीय प्रयोगशाला में कुछ योग आसन करने की उम्मीद कर रहे हैं।

शुक्ला फ्लोरिडा स्थित अंतरिक्ष स्टेशन से आगामी महीनों में अंतरिक्ष यान पर सवार होकर आईएसएस की यात्रा करने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री के रूप में इतिहास रचेंगे। यह यात्रा अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के बीच एक संयुक्त प्रयास के तहत होगी।

ऑनलाइन प्रेस कॉन्फ्रेंस में, एक्सिओम मिशन-4 के चालक दल के सदस्यों ने अभियान के लिए प्रशिक्षण के अपने अनुभव साझा किए।

भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुक्ला ने कहा, ‘‘मैं ‘माइक्रोग्रैविटी’ में जाने और अपने दम पर अंतरिक्ष उड़ान का अनुभव करने के लिए वास्तव में बहुत उत्साहित हूं। मिशन के लिए उत्साह लगातार बढ़ रहा है और मुझे लगता है कि हम एक ऐसे चरण में हैं जहां सभी चीजें साकार हो रही हैं।’’

Related Posts