गुजरात में एसयूवी से पुलिसकर्मी को घसीटने को लेकर दंपति गिरफ्तार

गुजरात में एसयूवी से पुलिसकर्मी को घसीटने को लेकर दंपति गिरफ्तार

अहमदाबाद, एक दिसंबर (भाषा) गुजरात के अहमदाबाद में वाहनों की जांच के दौरान अपनी एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) से एक पुलिसकर्मी को घसीटते हुए भागने की कोशिश करने को लेकर एक दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी के पैरों और हाथों में चोटें आई हैं।

चांदखेड़ा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया, ‘‘शनिवार रात 11:15 बजे तलाशी अभियान के दौरान जब पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया, तो एसयूवी चालक ने उन पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। उसे रोकने के लिए पुलिसकर्मी नितेश रामजी कार के बोनट से चिपक गया। एसयूवी ने उसे कुछ दूरी तक घसीटा, जिससे उसके हाथ और पैर में चोटें आईं। जब वह नीचे गिरा तो उसे ट्रक से कुचले जाने का खतरा था, लेकिन ट्रक चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिए।’’

अधिकारी ने बताया, ‘‘एक अन्य पुलिसकर्मी, जो एसयूवी चालक की ओर मौजूद आधी खुली खिड़की के ऊपरी हिस्से को पकड़े हुए था, वह भी वाहन की गति बढ़ाने पर नीचे गिर गया। चालक और वाहन में बैठी उसकी पत्नी को हत्या के प्रयास और सरकारी कर्मी को गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला ने अपने पति को एसयूवी की गति तेज करने का संकेत दिया था।’’

चांदखेड़ा पुलिस थाने के अधिकारी ने कहा कि घटना की जांच जारी है।

Tags: Ahmedabad

Related Posts