चुनाव परिणाम के दिन गुजरात में विजय उत्सव नहीं मनाएगी भाजपा

प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल और संगठन महामंत्री का जिला भाजपा को निर्देश जारी

चुनाव परिणाम के दिन गुजरात में विजय उत्सव नहीं मनाएगी भाजपा

अहमदाबाद। राजकोट टीआरपी गेम जोन अग्निकांड में 28 लोगों की मौत को ध्यान में रखते हुए गुजरात प्रदेश भाजपा 4 जून को लोकसभा चुनाव परिणाम को लेकर विजय उत्सव नहीं मनाएगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री रजनी पटेल के हस्ताक्षर से इस संबंध में सभी जिला भाजपा पदाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। 

राजकोट अग्निकांड में 28 लोगों की मौत की करुण घटना से पूरा गुजरात आहत है। इस परिदृश्य में गुजरात की लोकसभा सीटों पर विजय होने या केन्द्र स्तर पर पार्टी के पक्ष में परिणाम आने पर उत्सव नहीं मनाने का निर्णय किया गया है। साथ ही विजय जुलूस, पटाखा फोड़ने, मिठाई बांटने, फूल की पंखुड़ी उड़ाने आदि पर मनाही की गई है। पत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं को पार्टी की टोपी, खेस आदि पहन कर पार्टी का झंडा साथ में लेकर भारत माता की जय बोलकर जीत की खुशी प्रकट करने को कहा गया है। मतों की गिनती के बाद विजेता उम्मीदवार के साथ खुली जीप या वाहन में विजय जुलूस निकालने, ढोल-नगाड़े बजाने, डीजे बजाने आदि पर मनाही की गई है। जिलों और प्रदेश भाजपा कार्यालयों को रोशनी या साज-सज्जा करने को भी मना किया गया है। विजय के बाद सम्मान समारोह भी टालने का आदेश प्रदेश भाजपा की ओर से दिया गया है।

Tags: