वन नेशन वन इलेक्शन व्यवस्था लागू करेगी भाजपा सरकारः राजनाथ सिंह

कितना अच्छा होता कि पूरे देश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक-साथ सम्पन्न हो जाता

वन नेशन वन इलेक्शन व्यवस्था लागू करेगी भाजपा सरकारः राजनाथ सिंह

कुशीनगर, 30 जून (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के अन्तिम चरण में चुनाव प्रचार के अन्तिम दिन गुरुवार को केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र में बनने वाली भाजपा सरकार इस बार वन नेशन वन इलेक्शन की व्यवस्था करने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि कितना अच्छा होता कि पूरे देश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक-साथ सम्पन्न हो जाता। भारतीय जनता पार्टी अगले पांच वर्षों में वन नेशन वन इलेक्शन व्यवस्था लागू कर देगी। वह कुशीनगर लोकसभा के रामकोला में प्रत्याशी विजय कुमार दूबे के पक्ष में जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।

रक्षा मंत्री ने कहा कि विगत दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में पूरे विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है। पहले विदेशों में जब भारत के नेता बोलते थे तब कोई ध्यान नहीं देता था। लेकिन आज का भारत जब अन्तरराष्ट्रीय मंचों पर बोलता है तो सारी दुनिया कान लगाकर सुनती है कि भारत बोल क्या रहा है। यह बदलते भारत की नई तस्वीर है। श्री सिंह ने कहा कि जो काम पिछली किसी सरकारों नहीं किया वो नरेन्द्र मोदी ने मात्र 10 वर्षों में कर दिया। पाकिस्तानी सांसद फजलुर्रहमान ने पाकिस्तानी संसद में स्वीकार कर लिया है कि भारत विश्व गुरु बन रहा है और पाकिस्तान अपनी बर्बादियों को बचाने के दर दर हाथ फैला रहा है। लेकिन समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को यह समझ में नहीं आ रहा है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि अर्थव्यवस्था के मामले में 2014 से पहले भारत विश्व में 11 वें स्थान पर था मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था बना है। आज विश्व के बड़े बड़े अर्थशास्त्री कह रहे हैं कि आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था है। राजनाथ सिंह ने दावा किया कि 2027 तक अमेरिका और चीन के बाद भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश होगा तथा 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बन जाएगा। और 2070 भारत दुनिया के सबसे अमीर देश बन जाएगा।

रक्षा मंत्री ने कहा कि पहले पूरे देश में जगह-जगह आये दिन आतंकी हमले हुआ करते थे। लेकिन अब आतंकी हमले लगभग समाप्त हो गए हैं। क्योंकि अब दुश्मन देश भी समझ गया है कि आज का भारत कमजोर नहीं है। अब भारत सीमा पर पलटवार भी करता है और जरूरत पड़ने पर सीमा पार भी वार करने से नहीं झिझकता है।

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी कुछ ही दिनों में समाप्त हो जाएगी और कांग्रेस की हालत इतनी पतली है कि जैसे डायनासोर धरती से विलुप्त हो गया वैसे ही कांग्रेस भी विलुप्त होने वाली है। कहा कि ये लोग (विपक्षी दल) झूठ बोल कर जनता को गुमराह करते हैं जबकि भाजपा जनता की आंखों में आंखें डालकर राजनीति करती है। भारतीय जनता पार्टी अकेली ऐसी पार्टी है जो कहती है वो करती है। हमने कहा अनुच्छेद 370 हटाएंगे तो हटाया, हमने कहा कि रामलला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे तो डंके की चोट पर बनाया। अब रामलला झोपड़ी से निकलकर अब अपने महल में पहुंच चुके हैं। जो रामराज्य की शुरुआत है। हमनें कहा कि तीन तलाक़ समाप्त करेंगे तो किया। हिन्दू मुस्लिम सिख ईसाई जो भी भारतवासी हैं उन्हें हम भाई मानते हैं इसलिए सरकार रहे या भाड़ में जाए भारतीय जनता पार्टी किसी की बहन बेटी के साथ जुल्म नहीं करने देगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि तपती गर्मी में भी बदमाशों को शिमला की ठंड का अहसास अगर किसी ने कराया है तो वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। लोग कहते हैं कि इतनी सख्ती की क्या जरूरत है तो मेरी बात सुन लीजिए किसी भी राज्य के विकास की पहली आवश्यकता वहां की कानून व्यवस्था है, जिसे योगी जी ने ठीक किया है।

जनसभा को राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, लोकसभा प्रभारी नरेन्द्र मणि त्रिपाठी, विनय प्रकाश गौड़, पूर्व सांसद राजेश पाण्डेय, पडरौना विधायक मनीष जायसवाल, हाटा विधायक मोहन वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदम्बा सिंह, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री अतुल सिंह जी, पूर्व विधायक मदन गोविन्द राव, दीपलाल भारती, आलोक तिवारी ने भी सम्बोधित किया। संचालन लोकसभा संयोजक अवधेश प्रताप सिंह ने किया।