चेन्नई हवाई अड्डे पर 5,000 रेड इयर स्लाइडर कछुए जब्त, एक सप्ताह में कछुओं की दूसरी बरामदगी

चेन्नई हवाई अड्डे पर 5,000 रेड इयर स्लाइडर कछुए जब्त, एक सप्ताह में कछुओं की दूसरी बरामदगी

चेन्नई, 20 अप्रैल (हि.स.)। चेन्नई हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल ेपर मलेशिया की फ्लाइट से लाए गए दो सूटकेसों से लगभग 5,000 रेड इयर स्लाइडर कछुए (कछुए की प्रजाति) जब्त किए। हालांकि इस जब्ती के बाद शनिवार को ही इसे वापस मलेशिया भेज दिया गया। मैक्सिकन मूल रेड इयर स्लाइडर कछुए की भारत में काफी मांग है।

सीमा शुल्क अधिकारियों ने उन दो सूटकेसों की जांच की जो शुक्रवार रात बाटिक एयर की उड़ान से यहां लाए गए थे और चेक इन के दौरान दोनों सूटकेस लावारिस हालत में मिले। सीमा शुल्क अधिकारियों और सीआईएसएफ कर्मियों ने जब संदिग्ध वस्तुओं की मेटल डिटेक्टर से जांच की तब सच्चाई सामने आई। सूटकेस खोलने पर इनमें भारत में प्रतिबंधित रेड इयर स्लाइडर कछुए मिले।

अधिकारियों के मुताबिक सूटकेस के अंदर छेद वाले कई प्लास्टिक के बक्से थे, जिसमें रेड ईयर स्लाइडर कछुओं के बच्चे भरे थे। वन्यजीव ब्यूरो के अधिकारियों की मदद से कछुए की इस प्रजाति की पहचान कराई गई।

जब्त कछुए को शनिवार को ही मलेशिया वापस भेज दिया गया क्योंकि नियमावली के तहत विदेशी जीव-जंतुओं को बिना जांच और उचित परीक्षण के देश के अंदर लाने की अनुमति नहीं है।

बताया जा रहा है कि एक सप्ताह के भीतर चेन्नई हवाई अड्डे पर यह दूसरी वन्यजीव जब्ती का मामला है। 12 अप्रैल को सीमा शुल्क अधिकारियों ने मोहम्मद मुबीन नामक एक यात्री से 484 रेड इयर स्लाइडर कछुए और नौ अफ्रीकी कछुए जब्त किए। यात्री को अवैधानिक सामान के साथ यात्रा करने में मददगार एक पुलिसकर्मी को भी गिरफ्तार किया गया।

Tags: Chennai