गुजरात सरकार ने 7 मई को घोषित किया भुगतान (पेइड) अवकाश

लोकसभा की 26 और विधानसभा की 5 सीटों पर होगा मतदान

गुजरात सरकार ने 7 मई को घोषित किया भुगतान (पेइड) अवकाश

गांधीनगर, 8 अप्रैल (हि.स.)। गुजरात सरकार ने 7 मई को भुगतान (पेड) अवकाश घोषित किया है। लोक प्रतिनिधि अधिनियम, 1951 की 135 (बी) (1) के आदेश से सरकार ने परिपत्र जारी किया है। इस दिन देश में हो रहे लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में गुजरात में वोट डाले जाएंगे। राज्य की सभी 26 लोकसभा सीटों समेत 5 विधानसभा सीटों पर एक ही दिन 7 मई को मतदान होगा।

सरकार की यह घोषणा राज्य की सभी फैक्ट्रियों, कॉमर्शियल सेक्टर, बैंकिंग और अन्य क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों पर लागू होगी। सरकार के परिपत्र के अनुसार भुगतान अवकाश का लाभ लोकसभा मत क्षेत्र में दर्ज मतदाताओं को मिलेगा, भले ही वे मत क्षेत्र के बाहर की जगहों में नौकरी करते हो। लोकसभा की 26 सीटों के अलावा गुजरात विधानसभा की विजापुर (26), खंभात (108), वाघोडिया (136), माणावदर (85) और पोरबंदर (83) में उप चुनाव के तहत मत डाले जाएंगे।

182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा में वर्ष 2022 के चुनाव में भाजपा को 156, कांग्रेस को 17 और आम आदमी पार्टी (आआपा) को 4, निर्दलीय 2 और सपा के 1 विधायक जीतकर आए थे। बाद में कांग्रेस के 4, आआपा के 1 और 1 निर्दलीय विधायक मिलाकर कुल 6 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था। अभी एक विसावदर सीट को छोड़कर शेष 5 सीटों पर भी उपचुनाव हो रहा है।

18-19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 11,75,444

गुजरात में कुल मतदाताओं की संख्या 4.96 करोड़ है। इसमें 18-19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 11,75,444 है, जो पहली बार मतदान करेंगे। वहीं 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 10,01,448 है। राज्य में 100 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 10 हजार है। सर्वाधिक युवा मतदाताओं की संख्या उत्तर गुजरात के बनासकांठा लोकसभा सीट पर 67504 युवा मतदाता है। अहमदाबाद पूर्व में 35609, वेस्ट में 25257 मतदाता है। गांधीनगर में इनकी संख्या 37477 है। दूसरी ओर 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की सर्वाधिक संख्या वडोदरा लोकसभा सीट पर 50 हजार है। सूरत में यह संख्या 24131 है। राज्य में 70 से 79 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 25,21,642 है। वहीं 60 से 69 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 51,14,283 है। राज्य में 20 से 29 वर्ष के युवाओं की संख्या 1 करोड़ 3 लाख 33 हजार 83 है।

गुजरात में पुरुष मतदाता से महिलाओं की संख्या 14,66,696 कम

वहीं, राज्य में पुरुष और महिला मतदाताओं की तुलनात्मक संख्या में मेहसाणा सीट ऐसी है जहां 9 लाख 9676 पुरुष के सामने महज 8 लाख 56 हजार 596 मतदाता है। राज्य में 25,54,3670 पुरुष मतदाता है। महिला मतदाताओं की संख्या 24,07,6974 है। यानी 14,66,696 मतदाता कम हैं। लोकसभा की 26 सीट में एक भी सीट ऐसी नहीं है जहां महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से कम है। 85 वर्ष से अधिक मतदाताओं की संख्या 4,20,925 है।