वलसाड : भतीजे की बेटी की शादी में चाचा ने मचाया ऐसा आतंक की मातम छा गया!

वलसाड : भतीजे की बेटी की शादी में चाचा ने मचाया ऐसा आतंक की मातम छा गया!

चाचा ने अपने भतीजे पर जानलेवा हमला किया और फिर खेत में जाकर आत्महत्या कर ली

गुजरात के वलसाड जिले के कपराड़ा तालुका के अंभेटी गांव से एक बड़ी दुखदाई खबर सामने आई है। यहां एक परिवार में बेटी की शादी का प्रसंग था और इससे पहले की बारात आती ऐसा कुछ घटनाक्रम हो गया कि शुभ प्रसंग मातम में बदल गया।
विस्तार से बताएं तो अंभेटी गांव निवासी नवीन पटेल की बेटी की शादी का प्रसंग था। मंडप सज गया था और शादी से जुड़ी हुई विधियां चल रही थी। सगे संबंधी आ चुके थे। तभी नवीन के चाचा पराग पटेल हाथ में घातक हथियार लेकर पहुंचे और मंडप में किसी विधि में व्यस्त अपने भतीजे नवीन पर मिर्ची का पाउडर डाल दिया और उसके बाद घातक हथियार से उन पर हमला कर दिया।
अचानक हुई इस वारदात से समग्र क्षेत्र में सनसनी मच गई। भतीजे पर जानलेवा हमला करने के बाद चाचा वहां से चला गया। घायल नवीन को तुरंत परिवार जनों ने पास के अस्पताल में भर्ती करवाया। घायल नवीन चिकित्सारत है। घटना की जानकारी मिलने पर नानापोंढा पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गया और हमलावर चाचा पराग की खोज की गई।
जांच करने पर पता चला कि चाचा पराग अपने भतीजे पर हमला करने के बाद अपने आम के खेत में गए और पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पराग का शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है। पता चला है कि चाचा और भतीजे के बीच जमीन विवाद चल रहा था। भतीजे के घर में शादी के प्रसंग के दौरान ही चाचा ने जमीन विवाद से जुड़ा मामला फिर छेड़ दिया और हुए खूनी संघर्ष में यह दर्दनाक स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।