वडोदरा : महंगाई के विरोध में अनोखा प्रदर्शन, 20 किलो नींबू मुफ्त बांटे गए!

वडोदरा : महंगाई के विरोध में अनोखा प्रदर्शन, 20 किलो नींबू मुफ्त बांटे गए!

नींबू के बढ़ते दामों के विरोध में लोग अपने अपने ढंग से प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कहीं शादी-ब्याह में दूल्हा-दुल्हन को नींबू तोहफे में दिए जा रहे हैं, तो कहीं दुकानदार अपने ग्राहकों को नींबू मुफ्त में ऑफर कर रहे हैं। इसी क्रम में वडोदरा शहर में टीम रिवॉल्यूशन नामक संस्था द्वारा अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार टीम रिवॉल्यूशन की स्वेजल व्यास द्वारा बुधवार को नींबू के बढ़ते दामों के विरोध में 20 किलो नींबू के निशुल्क वितरण का एक कार्यक्रम रखा गया था। पहले यह घोषणा की गई थी कि यह सांकेतिक प्रदर्शन शहर के भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय के बाहर किया जाएगा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने कार्यालय के आसपास बंदोबस्त तैनात कर दिया। लेकिन ऐन मौके पर स्वेजल व्यास ने विरोध प्रदर्शन का स्थल बदल कर पुलिस भवन कर दिया। अचानक पुलिस को इसकी जानकारी मिली और सभी पुलिस भवन की ओर दौड़े। स्वेजल व्यास और उनकी टीम का कहना था कि किसान को जिस नींबू के ₹120 मिलते हैं, वह आम लोगों तक ₹350 में पहुंच रहे हैं। ऐसे में अतिरिक्त ₹230 की किनकी जेबों में जा रहे हैं, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए।
आपको बता दें कि स्वेजल व्यास और उनकी टीम द्वारा महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले जब पेट्रोल के दाम ₹100 के पार हुए थे, तब भी इस संगठन ने मुफ्त में पेट्रोल वितरित कर अपना विरोध जताया था। उस वक्त यह नियम बनाया गया था कि जो व्यक्ति भाजपा का खेस पहन कर आएगा उसे एक 1 लीटर पेट्रोल मुफ्त दिया जाएगा। डेढ़ घंटे में 310 लोगों को इस प्रकार मुफ्त पेट्रोल दिया गया था। इससे पहले दूध के बढ़ते दामों के विरोध में भी इसी प्रकार का प्रदर्शन किया गया था जिसमें लगभग 3000 दूध की थैलियां आम लोगों में निशुल्क बांटी गई थी।
Tags: Vadodara