वड़ोदरा : राजनीतिक सरगर्मी चरम पर; केजरीवाल के रोड़ शो में बवाल

वड़ोदरा : राजनीतिक सरगर्मी चरम पर; केजरीवाल के रोड़ शो में बवाल

केजरीलि ने विरोधियों को कंस की औलाद करार दिया; भगवंत मान के साथ रोड़ शो बीच में छोड़ होटल के लिये रवाना हुए

गुजरात में चुनावी बिगुल बजने की उलटी गिनती शुरु हो गई है। भारतीय जनता पार्टी जहां अपनी सत्ता बनाये रखने के लिये जद्दोजहद कर रही है, वहीं पहली बार आम आदमी पार्टी भी प्रदेश में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरी है। इसी क्रम में आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल का आज वड़ोदरा में रोड शो निर्धारित था। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी थे। लेकिन इस रोड शो के पहले ही आप और भाजपा कार्यकर्ता भिड़ गये और बवाल मच गया।


इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि वे वड़ोदरा आने वाले हैं उसकी जानकारी मिलते ही उनका‌ विरोध शुरु हो गया। उनके खिलाफ चहुं ओर पोस्टर लगाये गये। उन्होंने कहा कि भले उनके खिलाफ नफरत फैलाई जाए, उन्हें परवाह नहीं है। पोस्टरों में भगवान विरोधी बातें भी लिखी गईं। उन्होंने कहा कि उनका विरोध करने के चक्कर में विरोधियों ने भगवान का भी अपमान कर दिया। केजरीवाल ने अपने विरोधियों को कंस की औलाद करार दिया।


केजरीवाल ने विरोधियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे हनुमान जी के कट्टर भक्त हैं। उन पर भगवान की असीम कृपा है। ये जितनी आसुरी शक्ति हैं उन्हें खत्म करना है। मेरा जन्म जन्माष्टमी के दिन हुआ है और भगवान ने मुझे एक स्पेश्यल काम के लिये भेजा है। हम साथ मिलकर उस काम को अंजाम देंगे। 



मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रोड़ शो से पहले शहर के भगतसिंह चौक के पास दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने हो गये। घटनाक्रम के बाद अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान रोड़ शो को बीच में ही छोड़ कर होटल जाने के लिये रवाना हो गये।


बता दें कि आप के एक नेता द्वारा कथित रूप से हिंदु विरोधी बयान देने के बाद जगह-जगह केजरीवाल विरोधी पोस्टर लगे हैं। इसके बाद से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पोस्टरों में ‘हिंदु विरोधी केजरीवाल गो बेक’ के नारे लिखे हुए थे। उधर आप के गेट तोड़ दिये गये और बैनर फाड़ दिये गये। 



रोड़ शो में हुए बवाल के बाद पुलिस ने समय रहने स्थिति को नियंत्रण में लिया। इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।