अनोखा प्यार : मृतक पत्नी की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए पति ने सरकार के नाम की अपनी करोडों की संपति

अनोखा प्यार : मृतक पत्नी की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए पति ने सरकार के नाम की अपनी करोडों की संपति

72 वर्षीय सेवानिवृत्त स्वास्थ्य चिकित्सक डॉक्टर राजेंद्र कंवर की पत्नी कृष्णा कंवर का एक वर्ष पहले हो चुका देहांत

कहते है प्यार में बहुत शक्ति होती है। लोग प्यार में किसी भी हद तक जाने, कुछ भी कर जाने को तैयार हो जाते हैं। ये तो प्यार की ही ताकत है कि एक अकेले आदमी, दसरथ मांझी ने अकेले ही सिर्फ छेनी हथौड़े से पहाड़ काट देता है तो कोई अपनी पत्नी के लिए घर के बाहर ही ताजमहल का प्रतिरूप तैयार कर देता है या फिर कोई अपने जीवनसाथी की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए लाखों रुपये दान करने से नहीं हिचकिचाता। ऐसा ही एक वाकया हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में हुआ है। यहां के सेवानिवृत्त डॉक्टर ने अपनी पत्नी की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए सरकार को अपनी करोड़ों की संपति दान में दे दिया। 
जानकारी के अनुसार, एक निःसंतान डॉक्टर दंपति में से पत्नी की एक साल पहले मौत हो गई थी। उनकी मृत्यु के समय उनकी पत्नी ने डॉक्टर को संपत्ति दान करने का वादा किया था और अब डॉक्टर ने यह वादा पूरा किया है। हमीरपुर जिले में डॉक्टर की दरियादिली की काफी चर्चा है। लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे है। 72 वर्षीय डॉक्टर राजेंद्र कंवर सेवानिवृत्त स्वास्थ्य चिकित्सक हैं। एक साल पहले इस दुनिया को छोड़ चुकी उनकी पत्नी कृष्णा कंवर शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हुईं। निःसंतान होने से दंपति ने अपनी सारी संपत्ति सरकार को सौंपने का फैसला किया। पत्नी के जाने के बाद डॉ। राजेंद्र ने अपनी पत्नी की इच्छा पूरी की और अपना वादा निभाया।
डॉक्टर राजेंद्र ने कहा कि उन्होंने एक वसीयत बनाई थी जिसमें यह शर्त रखी गई थी कि उनके घर को वृद्धाश्रम में बदल दिया जाए। सरकार मेरे घर पर कब्जा कर उसे वृद्धाश्रम में बदल देगी ताकि बेदखल और पंजीकृत माता-पिता को आश्रय मिल सके। आंकड़ों के अनुसार डॉक्टर ने अपनी 5 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति सरकार के नाम कर दी है। डॉक्टर ने कहा कि घर के अलावा उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे की बड़ी जमीन और एक वाहन भी वसीयत में दिया है। यह वसीयत उन्होंने 3 जुलाई 2021 को सरकार से बनाई थी।