हिमाचल में नहीं थम रही भूस्खलन की घटनाएँ, पहाड़ के गिरने से बस के साथ कई लोग नीचे दबे

हिमाचल में नहीं थम रही भूस्खलन की घटनाएँ, पहाड़ के गिरने से बस के साथ कई लोग नीचे दबे

पुलिस के साथ NDRF और सेना भी बचाव कार्य में जुटी, 1 व्यक्ति के मौत की हुई पुष्टि

हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से भूस्खलन की घटनाएँ रुकने का नाम ही नहीं ले रही है। ऐसी ही एक और घटना में किन्नौर के निगुलसेरी में नेशनल हाइवे नंबर 5 पर चील जंगल के पास चट्टानें गिरने से बड़ा हादसा हो गया था। किन्नौर प्रशासन ने भूस्खलन की इस घटना में एक व्यक्ति के मृत्यु की पुष्टि की है। इसके अलावा 9 लोग घायल भी हुये है। 
विस्तृत जानकारी के अनुसार, निगुलसेरी में नेशनल हाइवे-5 पर पहाड़ नीचे गिर आया था। जिसमें एक एचआरटीसी बस भी पहाड़ के नीचे दब गई थी, जिसके कारण 40 से अधिक लोगों के उसमें फंसे होने की आशंका है। लोगों का मानना है कि चट्टान के गिरने से बस मलबे में दब गई है। यही नहीं अन्य कई वाहन भी मलबे में फंस गए है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर रवाना हुई थी। इसके अलावा NDRF और सेना को भी बचाव कार्य के लिए बुलाया गया है। 
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अमित शाह ने हिमाचल के सीएम से बात कर हर संभव मदद का वादा किया है। सूत्रों से सामने आई जानकारी के अनुसार, घटना तकरीबन 12:45 बजे हुई। जब बस और ट्रक सहित अन्य कई छोटे वाहन भी पहाड़ के साथ नीचे दब गए थे। भावानगर एसडीएम मनमोहन सिंह ने बताया कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली, वह तुरंत ही मौके पर पहुँचने के लिए निकल पड़े। अभी भी घटनास्थल पर पत्थर गिर रहे है, जिसके कारण बचाव कार्य करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।