सूरतः शहर में चार इंच बरसात, ओलपाड में 118 मीमी बारिश

सूरतः  शहर में चार इंच बरसात, ओलपाड में 118 मीमी बारिश

गुजरात की 188 तहसीलों में बारिश, सबसे अधिक बगसरा में 8 ईंच

तौकते चक्रवात के चलते पिछले 24 घंटों में सूरत सहित दक्षिण गुजरात में तेज बारिश होने से निचले क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति सर्जित हुई। मंगलवार सुबह से शाम 4 बजे तक  सूरत शहर में 4 इंच बरसात हुई है। जबकि जिले के ओलपाड तहसील में सबसे अधिक 118 मीमी, बारडोली में 82 मीमी, चौर्यासी में 13, कामरेज में 74 मीमी, महुवा में 57 मीमी, मांगरोल में 38 मीमी, पलसामा में 67 मीमी तथा उमरवाड़ा में 20 मीमी बारिश दर्ज की गई है। 
सूरत सहित दक्षिण गुजरात के अलावा राज्य की 188 तहसीलों में बारिश हुई है। सबसे अधिक अमरेली जिले की बगसरा में 8 ईंच बारिश रिकार्ड हुई। चक्रवात का सबसे ज्यादा असर राज्य के तटीय क्षेत्र की तहसीलों में दिखाई दिया। खासकर अमरेली, धारी, खांभा, राजूला, जाफराबाद, महुवा, ऊना और गिरगढ़डा में चक्रवात ने भारी तबाही मचाई है। चक्रवात के कारण सौराष्ट्र, मध्य और दक्षिण गुजरा में तेज हवा के साथ जबर्दस्त बारिश हुई। जिसमें बड़ी संख्या में पेड़ धराशायी हो गए।  पिछले घंटों में राज्य की 188 तहसीलों में बारिश हुई, जिसमें सबसे अधिक अमरेली जिले की बगसरा में 8 ईंच बारिश दर्ज हुई। जिसमें 7 ईंच बारिश सुबह 4 से 6 बजे के बीच हुई। बोटाद के गिरगढडा में 7 ईंच और दक्षिण गुजरात के वलसाड जिले की उमरगाम तहसील में 7.64 ईंच बारिश दर्ज हुई। खासकर सौराष्ट्र में चक्रवात को लेकर स्थिति काफी विकट है। चक्रवात के कारण पोरबंदर एयरपोर्ट बंद कर दिया गया था। राज्य सरकार ने आपात स्थिति में मंत्रियों को अलग अलग जिलों में जिम्मेदारी सौंपी है।  कैबिनेट मंत्री जयेश रादडिया को पोरबंदर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 
Tags: