सूरत : आप की जीत के बाद चैम्बर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित अरविंद केजरीवाल का कार्यक्रम अचानक रद्द

चेंबर ऑफ कॉमर्स का कहना है कि अनिवार्य कारणों से चेंबर के पदाधिकारियों और दिल्ली के मुख्यमंत्री की मीटिंग रद्द करनी पड़ी है।

सरकारी दबाव होने सहित कई चर्चाओं ने पकड़ा जोर

सूरत के स्थानीय निकाय के चुनाव में अच्छी सफलता के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 26 फरवरी को सूरत दौरे पर हैं। चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों तथा कई कारोबारियों की उनके साथ मीटिंग होनी थी। यह बैठक अचानक रद्द होने की जानकारी सामने आ रही है। इसे लेकर कई तरह की चर्चाओं ने जोर पकड़ा है।

चेंबर ऑफ कॉमर्स का कहना है कि अनिवार्य कारणों से चेंबर के पदाधिकारियों और दिल्ली के मुख्यमंत्री की मीटिंग रद्द करनी पड़ी है। बताया जा रहा है कि सरकारी दबाव के कारण यह मीटिंग रद्द करनी पड़ी है।

चैम्बर ऑफ कॉमर्स के माध्यम से केजरीवाल से मिलना चाहते थे उद्यमी

गुजरात के सूरत में मनपा के चुनाव में आम आदमी पार्टी को 27 सीटें मिली हैं। यह तमाम सीटें सूरत के वराछा, कापोद्रा और पुणा क्षेत्र की हैं। यहां पाटीदार बड़ी संख्या में रहते हैं। इन क्षेत्रों में हीरा उद्योग बड़े पैमाने पर फैला है और हीरा उद्यमी तथा हीरा श्रमिक भी बडी संख्या में रहते हैं। आप पार्टी के जीतने के बाद 26 तारीख को अरविंद केजरीवाल सूरत दौरे पर हैं। 

ऐसे में कुछ व्यापारी, हीरा उद्यमी और चेंबर के पदाधिकारी अरविंद केजरीवाल से मिलना चाहते थे। इस बारे में उन्होंने चैम्बर से अपनी इच्छा भी व्यक्त की थी। यह कार्यक्रम भी तय हो गया था लेकिन, अंतिम समय में इसे रद्द करना पड़ा। चर्चा है कि सरकारी दबाव में यह कार्यक्रम रद्द किया गया है।

चैंबर अध्यक्ष ने किसी बाहरी दबाव को नकारा

हालांकि चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रमुख दिनेश नावडिया ने बताया कि कुछ अनिवार्य कारण से यह कार्यक्रम रद्द किया गया है। इसे लेकर कोई गलत बातें नहीं फैलाई जाएं। चैम्बर का व्यापारियों के हित के लिए काम करने वाली संस्था है। चैम्बर के सदस्य किसी भी पार्टी के समर्थक हो सकते हैं। हम पर किसी का दबाव नहीं है।

केजरीवाल ने कहा - धन्यवाद

सूरत में मनपा के चुनाव में विजय पाने के बाद आप पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश का माहौल है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुजराती में शुभेच्छा दी है। उन्होंने कहा कि गुजरात के लोगों को दिल से धन्यवाद। आम आदमी पार्टी के संयोजक केजरीवाल 26 फरवरी को सूरत आएंगे। वह वराछा क्षेत्र में रोड शो करेंगे।  चुनाव जीतने के बाद अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्विटर एकाऊॅंट से गुजरात के लोगों को धन्यवाद कहा था। पाटीदार मत क्षेत्रों में रोड शो का आयोजन किया जाएगा।

Tags: