मुंबई में फिल्मी सितारों के साथ हो रहे सेक्सटॉर्शन रैकेट का पर्दाफ़ाश, सितारों को फंसा कर बना लेते थे अश्लील वीडियो

मुंबई में फिल्मी सितारों के साथ हो रहे सेक्सटॉर्शन रैकेट का पर्दाफ़ाश, सितारों को फंसा कर बना लेते थे अश्लील वीडियो

वायरल कर देने की धमकी देकर मांगते थे लाखों की फिरौती, विभिन्न सोशल साइट्स पर करते थे बिक्री

मुंबई में फिल्म उद्योग पर का ग्रहण मानो छूट ही नहीं रहा। कोरोना महामारी के कारण शूटिंग का बंद होना, राज कुंद्रा केस और अब इसके बाद एक नया सेक्सटॉर्शन रैकेट सामने आया है। जहां एक तरफ राज कुंद्रा का पोर्नोग्राफी मामला ठंडा नहीं पड़ा है, वहीं मुंबई पुलिस ने सेक्सटॉर्शन रैकेट को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। मुंबई पुलिस ने एक गिरोह को गिरफ्तार किया है, जो बॉलीवुड और टीवी के सितारों को सेक्सटॉर्शन के रैकेट में घसीट कर उनसे तगड़ी रकम वसूलता था। मुंबई पुलिस के मुताबिक, रैकेट में 100 से ज्यादा बॉलीवुड सेलेब्रिटीज और टीवी स्टार्स का यौन शोषण किया गया। इस मामले में अब तक पुलिस ने गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
सेक्सटॉर्शन रैकेट को लेकर मुंबई पुलिस ने कहा कि ये लोग सोशल मीडिया के जरिए सितारों से अपनी नजदीकियां बढ़ाते थे और फिर अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करते थे। जांच एजेंसियों की आंखों में धूल झोंकने के लिए गिरोह ने नेपाल के बैंक खातों का इस्तेमाल किया। मुंबई पुलिस ने 4 आरोपियों को नागपुर, ओडिशा, गुजरात, कोलकाता से गिरफ्तार किया है, जिनमें से 2 आरोपी पेशे से इंजीनियर हैं, जबकि एक नाबालिग है। मुंबई पुलिस ने चारों से पूछताछ की है। इस पूछताछ में पता चला कि गिरोह ने अब तक 258 लोगों को सेक्सटॉर्शन में फंसाया था।  इन सभी में बॉलीवुड और टीवी के 100 बड़े सितारे शामिल हैं। चारों के पास से पुलिस ने मोबाइल, 12 फर्जी अकाउंट, 6 फर्जी ईमेल आईडी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। 
प्रतिकात्मक तस्वीर

विशेषज्ञों के अनुसार, यौन शोषण के लिए पहले गिरोह स्नैपचैट और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए अपने सितारों से नज़दीकियाँ बढ़ाता था। 6 महीने या उससे अधिक समय के बाद उनको अपने प्रेम जाल में फंसा कर उनसे वीडियो कॉल पर न्यूड आने के लिए कहते। इस दौरान उन्हें उकसाया जाता था और उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया जाता था। वीडियो को सार्वजनिक मंच पर नहीं ले जाने के लिए इन सितारों से फिर बड़ी रकम भी वसूल की जाती। साइबर सेल को जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी ने जांच एजेंसियों के चंगुल से बचने के लिए नेपाल के बैंक खातों का इस्तेमाल किया। साइबर सेल ने अब मामले की सूचना नेपाल प्रशासन को दी है और बैंक खातों से संबंधित ब्योरा मांगा है ताकि रैकेट के मूल कारण का पता लगाया जा सके।
Tags: Mumbai