राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट : महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर दिल्ली

2021 में दर्ज किए गए मामले 2020 में दर्ज किए गए मामलों से 40 प्रतिशत ज्यादा, हर दिन हो रहा हैं दो नाबालिक के साथ दुष्कर्म

एक तरफ जहाँ देश भर में महिलाओं की सुरक्षा एक बड़ा चिंता का विषय है वहीं हाल ही में सामने आई राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो  यानी एनसीआरबी की रिपोर्ट ने दिल्ली को लेकर चिंता को और बढ़ा दिया है। 2012 के निर्भया कांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इसके बाद राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई तरह के उपाय किए गए। इसके लिए सरकार ने कई कदम उठाए। बावजूद इसके उनके प्रति अपराध की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महिलाओं के प्रति अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहे है। इस रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर है।

दिल्ली के बाद सबसे अधिक मामले मुंबई में

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2021 में दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 13,982 केस दर्ज किए गए जबकि देश के कुल 19 महानगरों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 43,414 मामले दर्ज किए गए। दिल्ली के बाद सबसे अधिक मामले मुंबई में दर्ज किए गए। जबकि तीसरे स्थान पर बैंगलौर रहा।

2020 से 40 प्रतिशत ज्यादा

आपको बता दें कि इस रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में दर्ज मामले महानगरों में सबसे अधिक है। 2021 में दर्ज किए गए मामले 2020 में दर्ज किए गए मामलों से 40 प्रतिशत ज्यादा हैं। 2020 में दिल्ली में महिलाओं के प्रति अपराध के 9,782 मामले दर्ज किए गए थे। दिल्ली में 2020 की तुलना में 2021 में साइबर क्राइम भी 111 प्रतिशत बढ़ गया है। 2021 में साइबर क्राइम के 356 मामले दर्ज किए गए।

हर दिन हो रहा दो नाबालिग का दुष्कर्म

इस रिपोर्ट के मुताबिक 2021 में दिल्ली में हर दिन दो नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में रेप, अपहरण और महिलाओं के प्रति क्रूरता के मामले बढ़े हैं। 2021 में दिल्ली में अपहरण के 3,948, पतियों द्वारा क्रूरता के 4,674, और लड़कियों के रेप के 833 मामले दर्ज किए गए। रिपोर्ट में बताया गया है कि दिल्ली में 2021 में दहेज हत्या के 136 मामले दर्ज किए गए, यह 19 महानगरों में होने वाली कुल मौतों का 36.26 प्रतिशत है।