जमशेदपुर के टाटा स्टील प्लांट में विस्फोट के बाद भीषण आग

जमशेदपुर के टाटा स्टील प्लांट में विस्फोट के बाद भीषण आग

आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, दो श्रमिकों के घायल होने की खबर

झारखंड के जमशेदपुर में टाटा स्टील के प्लांट में बड़े विस्फोट के बाद आग की घटना घटी है। इस बारे में प्राप्त जानकारी के अनुसार प्लांट में विस्फोट के बाद एक हिस्से में आग लग गई। राहत की बात यह है कि आग पर नियंत्रण पा लिया।
बताया गया है कि दोपहर 12:00 बजे के आसपास यह घटना हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना के बारे में ट्वीट करते हुए कहा कि जिला प्रशासन और टाटा स्टील प्रबंधन आपस में सामंजस्य साध कर राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं और घायलों को चिकित्सा प्रदान की जा रही है।
बताया जा रहा है कि कोक प्लांट की बैटरी नंबर 5, 6 और 7 के क्रॉस ओवर में अचानक विस्फोट और फिर गैस लीकेज हुआ। इस घटना में 2 श्रमिक घायल हुए हैं। आग पर नियंत्रण पा लेने के बाद उच्च स्तरीय जांच शुरू की गई है। सभी कर्मचारियों को प्लांट के बाहर निकाल लिया गया है और आसपास के इलाके में भी एहतियात बढ़ता जा रहा है।