महाराष्ट्र : मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हुई भीषण दुर्घटना, पांच लोगों की मौत

महाराष्ट्र : मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हुई भीषण दुर्घटना, पांच लोगों की मौत

चार अन्य गंभीर रूप से घायल, कार चालक ने खोया नियंत्रण

देश में सड़क दुर्घटनाओं का होना बहुत आम हैं। आए दिन देश के किसी न किसी हिस्से में कोई न कोई दुर्घटना होती रहती है। अब महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में खोपोली के पास मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भीषण दुर्घटना की जानकारी सामने आई है जहाँ एक कार ने पीछे से ट्रक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कामोठे के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में मरे लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।

कार चालक ने खोया नियंत्रण


इस मामले में पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार के चालक ने नियंत्रण खो दिया था, जिसके कारण कार ट्रक से टकरा गई। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना ढेकू गांव के पास बृहस्पतिवार को करीब आधी रात हो हुई।  वहीं पता चला हैं कि दुर्घटनाग्रस्त हुई कार पुणे से मुंबई जा रही थी और 12 बजे के आसपास ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में जान गंवाने वाली सभी पुरुष हैं, जबकि चार घायलों में एक महिला भी शामिल है।

इंदौर में भी हुई थी ऐसी दुर्घटना


आपको बता दें कि हाल में मध्य प्रदेश के इंदौर में लापरवाही के कारण एक बड़ी दुर्घटना हुई थी। सोमवार रात को दो लड़के अपनी महिला मित्र के साथ एक्टिवा से घूमने निकले, तभी लड़के ने सिगरेट जलाने के लिए एक हाथ छोड़कर गाड़ी चलाना शुरू कर दिया। इस दौरान स्कूटी का बैलेंस बिगड़ गया और गाड़ी डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में गाड़ी चला रहे लड़के की मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठे उसके दोस्त और महिला मित्र को भी चोट आईं।