मध्य प्रदेश : शादी के बाद से ही मायके में रह रही लक्ष्मी ने तय किया लंबा सफर, पर ससुराल वालों ने नहीं दिया घर में प्रवेश!

मध्य प्रदेश : शादी के बाद से ही मायके में रह रही लक्ष्मी ने तय किया लंबा सफर, पर ससुराल वालों ने नहीं दिया घर में प्रवेश!

पति को नहीं पसंद पत्नी, मायके भेजने के बाद कभी नहीं किया कॉल

कहते हैं कि शादी सात जन्मों का बंधन होता है लेकिन इसके बाद भी आए दिन किसी न किसी जोड़े के साथ अलगाव की घटना देखी जाती हैं। ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में देखने को मिला जहाँ एक दुल्हन अपने पति के पास रहने के लिए दर-दर ठोकरे खा रही है।
जानकारी के अनुसार कानपुर के बसौरा गांव की 19 वर्षीय लक्ष्मी राठोर अपने पिता के साथ 800 किमी का सफर तय कर मध्यप्रदेश के बैतूल पहुंची है। लक्ष्मी की शादी 30 नवंबर 2020 को बैतूल के भारत भारती निवासी आशुतोष भदौरिया से हुई थी। शादी के बाद मायके जाने के बाद उसके ससुराल वाले कभी उसे लेने वापस नहीं गए। अब वह इतना लंबा सफर तय कर पहली बार अपने ससुराल आयी है। 
आपको बता दें कि लक्ष्मी किसी तरह अपने पिता के साथ अपने ससुराल पहुंची, लेकिन उसके ससुराल वालों ने उसे घर में नहीं घुसने दिया। ऐसे में मजबूर बाप और बेटी के पास पुलिस के पास फरियाद लेकर जाने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा।
लक्ष्मी के पिताने पुलिस में फरियाद करते हुए बताया कि लक्ष्मी शादी के बाद 12 दिनों तक ससुराल में रही। जिसके बाद वे लोग उसे उसके मायके कानपुर ले गए थे। इसके बाद से अब तक पिछले 6 महीने से वह मायके में ही रह रही थी। उसको ले जाने के लिए कभी ना तो ससुराल वाले आए और ना ही किसी ने फोन किया। हारकर जब पिता-बेटी बैतूल पहुंचे तो ससुराल वालों ने उसे घर में घुसने ही नहीं दिया।
लक्ष्मी का कहना है कि उसके पति और उसके बीच एक पति पत्नी वाला कोई संबंध नहीं बना हैं। उसके पति ने उससे कहा है कि वह उसे पसंद नहीं करता। इसी कारण पति ने लक्ष्मी को मायके भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।