‘इसुदान गढ़वी गुजरात का केजरीवाल है!’

‘इसुदान गढ़वी गुजरात का केजरीवाल है!’

जानें अहमदाबाद में पत्रकार वार्ता के दौरान अरविंद केजरीवाल ने क्या कहा

सोमवार को गुजरात के दौरे पर आये आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अहमदाबाद में आप के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन किया। इसी दौरान उन्होंने प्रदेश के बड़े पत्रकार इसुदान गढ़वी को पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल किया। बता दें कि इसुदान गढ़वी पिछले पांच वर्षों से राज्य के अग्रणी समाचार चैनल वीटीवी गुजराती पर एक लोकप्रिय प्राइम टाइम टीवी शो को होस्ट करते थे और और अपनी जिंदादिली और साफगोई से भरपूर शैली के कारण जन-जन में लोकप्रिय हो गये थे। उनके शो पर आने वाले मेहमान और राजनेता भी उनसे कई बार खौफ खाते थे।
खैर, अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी में इसुदान गढ़वी को शामिल करने के बाद अपने प्रासंगिक उ्दबोधन में जो कुछ कहा, वह राजनीतिक रूप से बड़ा संकेत है। अरविंद केजरीवाल ने अपने उद्बोधन की शुरुआत अपने एक अनुभव को साझा करते हुए की जिसमें उन्होंने कहा कि उन्होंने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतरे तो एक एयरपोर्ट कर्मी ने उनके साथ सैल्फी लेनी  चाही। सेल्फी लेने के बाद उसने पूछा कि गुजरात आने का क्या प्रयोजन है, तो केजरीवाल ने बताया कि इसुदान गढ़वी को आप में शामिल करना है। इस पर सामने वाले व्यक्ति ने कहा कि इसुदान गढ़वी तो गुजरात का केजरीवाल है! 
अरविंद केजरीवाल ने इसुदान गढ़वी की तरीफ करते हुए कहा कि वे अपने पत्रकारिता के करियर के चोटी पर थे जब उन्होंने लोकसेवा की भावना के साथ राजनीतिक में कदम रखने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता को इसुदान गढ़वी से काफी उम्मीदें हैं और आप आदमी पार्टी की प्रदेश इकाई की मदद से वे गुजरात को भाजपा और कांग्रेस के बाद तीसरा विकल्प दे रहे हैं। 
अरविंद केजरीवाल की बातों से साफ लग रहा था कि इसुदान गढ़वी आने वाले समय में गुजरात में पार्टी का चेहरा होंगे। यदि मुख्यमंत्री का चेहरा जनता के समक्ष पेश करने की नौबत आयेगी तो इसुदान गढ़वी एक विकल्प हो सकते हैं।