क्रिकेट : भारत अपनी चौथी सबसे उम्रदराज टीम के साथ लड़ेगी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 की लड़ाई

क्रिकेट : भारत अपनी चौथी सबसे उम्रदराज टीम के साथ लड़ेगी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 की लड़ाई

37 साल के कार्तिक टीम के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी, 23 साल के अर्शदीप सिंह टीम में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी

इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। इस बार युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा संयोजन है। टी20 क्रिकेट को आमतौर पर युवा पीढ़ी का प्रारूप माना जाता है लेकिन अब स्थिति बदल गई है और पुराने क्रिकेटर भी इस प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी के चलते 12 साल बाद विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने वर्ल्ड कप टीम में वापसी की है। कार्तिक 37 साल के हैं और टीम के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। वहीं, 23 साल के अर्शदीप सिंह टीम में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन 16 अक्टूबर से हो रहा है। इस बीच भारतीय टीम की औसत उम्र 31 साल दस दिन होगी।

भारत के सबसे उम्रदराज कप्तान रोहित शर्मा


टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की उम्र 35 साल 169 दिन होगी। वह आईसीसी प्रमुख टूर्नामेंट में भारत का नेतृत्व करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। पिछला रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम था। धोनी ने 34 साल 267 दिन की उम्र में 2016 टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की कप्तानी की थी।

2010 में भारत की सबसे युवा टीम, 2016 में सबसे उम्रदराज टीम


भारत ने 2010 विश्व कप में अपनी सबसे युवा टीम को मैदान में उतारा था। धोनी के नेतृत्व में भारतीय टीम का औसत महज 21 साल 150 दिन का था। हालांकि, भारत टूर्नामेंट के लगातार तीन मैच हार गया और सुपर -8 दौर से पहले ही बाहर हो गया। 2016 में भारत के पास सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों वाली टीम थी। उस समय औसत आयु 34 वर्ष 266 दिन थी।

2022 में चौथी सबसे उम्रदराज टीम


भारत ने ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप में अब तक की चौथी सबसे उम्रदराज टीम को मैदान में उतारा है। भारत की सबसे पुरानी टीम 2016 विश्व कप में थी और उस समय औसत आयु 34 से अधिक वर्ष थी। 2014 और 2021 में औसत आयु 32 वर्ष थी। 2021 में खेले गए विश्व कप की तुलना में भारतीय टीम इस बार काफी कम उम्र की है।
Tags: