कोरोना वायरस: कनाडा जाने की योजना बनाएं बैठे भारतीयों को झटका, कनाडा ने भारत से उड़ानों पर प्रतिबंध 21 सितंबर तक बढ़ाया

कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लिया ये फैसला

कोरोना के मामले को देखते हुए कनाडा सरकार ने एक बार फिर भारत से यात्री उड़ानों पर प्रतिबंध को बढ़ा दिया है।  सरकार ने प्रतिबंध को 21 सितंबर तक के लिए बढ़ा दिया है।  संघीय परिवहन मंत्रालय ने एक दिन पहले यह जानकारी दी थी। आपको बता दें कि प्रतिबंधों को पांचवीं बार 21 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। पहले यह रोक 21 अगस्त तक थी, जिसे अब बढ़ाकर 21 सितंबर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, कोरोना महामारी की दूसरी लहर और डेल्टा वेरिएंट के मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कनाडा सरकार ने पहली बार 22 अप्रैल को लगाए गए प्रतिबंधों को पांचवीं बार बढ़ाकर 21 सितंबर कर दिया है। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य सलाह पर प्रतिबंध बढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा, कनाडा सरकार ने कहा कि भारत से कनाडा के लिए अप्रत्यक्ष रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए तीसरे देश के प्रस्थान पूर्व कोविड की नकारात्मक आरटी-पीसीआर परीक्षण रिपोर्ट होना अनिवार्य है। हालांकि सरकार ने यह भी कहा कि अगर सितंबर तक कोरोना की स्थिति में सुधार होता है तो वह सात सितंबर से पूरी तरह से टीका लगाए गए पर्यटकों के लिए अपनी सीमा खोल देगी।
संक्रमण की बात करें तो देश में सोमवार को कोरोना के मामलों में तेजी से गिरावट आई। पिछले 24 घंटों में 27,421 नए मरीजों की पहचान की गई और 41,457 ठीक हुए। इस बीच, महामारी के कारण 376 मरीजों की जान जा चुकी है। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाजाधीन मरीजों की संख्या में 14,402 की कमी आई है। अब 3.82 लाख मरीजों का इलाज किया जा रहा है। यह आंकड़ा 23 मार्च के बाद का सबसे निचला स्तर है।  तब 3.65 लाख एक्टिव केस थे। भारत में अब तक कुल 41,18,46,401 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। बता दें, देश में पिछले रविवार को कोरोना वायरस के 35 हजार 499 नए मामले सामने आए।  जबकि 447 लोगों की मौत हो गई।  अब देश में सक्रिय मामलों की संख्या चार लाख दो हजार 188 है।  देश का रिकवरी रेट अब बढ़कर 97.40 फीसदी हो गया है।