हार्दिक के इस्तीफे के बाद कांग्रेसी नेताओं ने दी प्रतिक्रिया, बताया मौकापरस्त

युवा पाटीदार नेता और गुजरात प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रहे हार्दिक पटेल ने बुधवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। पिछले लंबे समय से पार्टी के प्रति नाराजगी प्रकट कर रहे हार्दिक पटेल ने अब नया राजनीतिक विकल्प तलाशना शुरू कर दिया है। उधर कांग्रेस पार्टी के नेता हार्दिक पटेल के इस कदम पर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष दोषी ने अपने बयान में कहा है की हार्दिक पटेल लंबे समय से बयान बाजी करते रहे और पार्टी स्तर पर कहीं कोई चर्चा नहीं की। कांग्रेस पार्टी ने हार्दिक को छोटी उम्र में बहुत बड़ी जिम्मेदारी दे दी थी। कई राज्यों में स्टार प्रचारक बना कर घुमाया था। उनको इतना महत्व दिया गया था कि उनके लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई थी। लेकिन ऐसा लग रहा है कि उन्होंने इस्तीफे की स्क्रिप्ट पहले ही लिख ली थी और अब औपचारिक रूप से त्यागपत्र का नाटक किया गया है। यह राजनीति नहीं मौका परस्ती है।
विधायक ललित वसोया ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि हार्दिक पटेल को कांग्रेस ने प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया। इतना महत्वपूर्ण पद देने के बाद भी पार्टी के प्रति नाराजगी व्यक्त करना आश्चर्य की बात है। ऐसा लग रहा था मानो उन्होंने भाजपा में जाने का मन पहले ही बना लिया था। उन्होंने कांग्रेस से त्यागपत्र दिया इसको लेकर वे दुखी हैं लेकिन माना जा सकता है कि उन्होंने सोच समझ कर ही अपना निर्णय लिया होगा। लोकतंत्र में सभी अपना निर्णय लेने को स्वतंत्र होते हैं। वह कामना करते हैं कि यदि भारतीय जनता पार्टी में शामिल होते हैं तो वहां भी उनको कांग्रेस की तरह काम करने की सत्ता मिल पाएगी।