एक्जिट पॉल कह रहे गुजरात में फिर भाजपा सरकार

एक्जिट पॉल कह रहे गुजरात में फिर भाजपा सरकार

आम आदमी पार्टी की वजह से कांग्रेस को नुकसान होने की लग रही अटकलें

गुजरात विधानसभा चुनाव के दो चरणों का मतदान पूरा हो चुका है। सोमवार को दूसरे चरण का मतदान पूरा होने के बाद विभिन्न एजेंसियों के द्वारा किये गये एक्जिट पॉल के रूझान आये हैं और सभी एक सुर में प्रदेश में फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का अनुमान लगा रहे हैं।


बता दें कि पहले चरण का मतदान 1 दिसंबर को हुआ था जिसमें सौराष्ट्र-कच्छ और दक्षिण गुजरात की कुल 89 सीटें शामिल थीं। इन जगहों पर औसत 62.89 प्रतिशत मतदान हुआ था। जबकि 5 दिसंबर को उत्तर और मध्य गुजरात की 93 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ और यहां औसत 60 प्रतिशत मतदान हुआ है। दूसरे चरण में थराद सीट पर सर्वाधिक 78.02 और नरोड़ा में सबसे कम 45.25 प्रतिशत मतदान हुआ।


एबीपी अस्मिता-सी वोटर के एक्जिट पॉल में भारतीय जनता पार्टी को 134 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं कांग्रेस को 37, आम आदमी पार्टी को 7 और अन्यों को 4 सीटें मिलने की गणना की गई है। दूसरी ओर टीवी9 भारत वर्ष के एक्जिट पॉल में भाजपा को 125 से 130 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं कांग्रेस को 40 से 50 के बीच और आम आदमी पार्टी को 3 से 5 सीटें मिलने की बात कही गई है। इंडिया न्यूज ने अपने सर्वे में भाजपा को 117-140, कांग्रेस को 34-51, आप को 6-13 और अन्यों को 0-3 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। न्यूज118 ने भाजपा को 132, कांग्रेस को 38, आप को 7 और अन्यों को 5 सीटें मिलने की बात कही है। जी24 ने भाजपा को 110-125, कांग्रेस को 45-60, आप को  1-5 और अन्यों को 0-4 सीटें मिलने का अनुमान है।


उधर रिपब्लिक भारत के एक्जिट पॉल में भाजपा को 128-148, कांग्रेस को 30-42 और आप को 2-10 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं जन की बात के एक्जिट पॉल में भाजपा को 129, कांग्रेस को 43 और आम आदमी पार्टी को 10 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। 


रूझानों से यही फलित हो रहा है कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी की उपस्थिति से कांग्रेस को सीधा नुकसान हो रहा है। आप ने कांग्रेस के वोट काटने का काम किया है जिसका सीधा लाभ भाजपा को हुआ है।


प्रदेश की सभी 182 सीटों के चुनाव परिणाम आगामी 8 दिसंबर को घोषित होंगे। सरकार बनाने के लिये किसी भी पार्टी को 92 सीटें जीतनी हैं। 


गौरतलब है कि 2017 में इसी प्रकार हुए ‌एक्जिट पॉल में भाजपा को 150 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था। लेकिन उस समय पाटीदार सहित दलित-ठाकोर समाज के आंदोलन रूपी मुद्दों के कारण वास्तविक नतीजे कमजोर रहे थे और भाजपा को 99 सीटें मिलीं थीं। कांग्रेस को 77 सीटों पर विजयी मिली थीं। 2017 के चुनाव में भारतीय ट्राइबल पार्टी को दो, निर्दलीय के रूप में जिग्नेश मेवाणी सहित तीन निर्दलीय जीते थे। वहीं एनसीपी की ओर से कांधल जाड़ेजा ने भी कुतियाना सीट से मैदान मारा था। अब देखना होगा कि 2022 के वर्तमान चुनाव में वास्तविक परिणाम एक्जिट पॉल से मिलते-जुलते आते हैं या नहीं। 
Tags: Gujarat