विधानसभा चुनाव परिणाम : चहूंओर हार देख दिल्ली में कांग्रेस ने EVM का रोना शुरु किया

विधानसभा चुनाव परिणाम : चहूंओर हार देख दिल्ली में कांग्रेस ने EVM का रोना शुरु किया

देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश सहित गोवा, मणिपुर, पंजाब और उत्तराखंड विधानसभा चुनाव परिणामों के रुझान आने शुरू हो गए हैं। पांचों राज्यों में स्थिति लगभग स्पष्ट हो गई है। पंजाब में आम आदमी पार्टी आगे है और उत्तर प्रदेश सहित चार राज्यों में भाजपा का कमल खिलता दिख रहा है। पांचों राज्यों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। हमेशा की तरह कांग्रेस ने हार का दोष ईवीएम पर ढोलना भी शुरू कर दिया है और विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय के बाहर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हाथ में बड़े-बड़े बोर्ड लेकर अपना विरोध जताया। इनमें लिखा था कि ईवीएम से लोकतंत्र की हत्या हो रही है। 
आपको बता दें कि जिन पांच राज्यों में चुनाव हुए उनमें एकमात्र पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी और वहां भी अब वह सत्ता से बाहर हो रही है। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। राहुल गांधी द्वारा पिछले दिनों चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया था, जिसे उनका एक मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा था. लेकिन आप की आंधी में कांग्रेस साफ हो गई है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी की कमान संभाल रखी थी और इस बार उन्होंने खुले मंच से भरपूर प्रचार कार्य भी किया। उन्होंने अनेक सभाएं और रोड शो किए। महिलाओं को आकर्षित करने के लिए 'बेटी हूं लड़ सकती हूं' का अभियान भी छेड़ा और बड़ी संख्या में महिला उम्मीदवारों को टिकट भी दिए। लेकिन यह सारे प्रयास धरे के धरे रह गए हैं। उत्तर प्रदेश की जनता ने एक बार फिर कांग्रेस को नकार दिया है। कांग्रेस का यही हाल गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में भी हुआ है।