परप्रांतीय महिला की मदद के लिए पहुंची 181 अभयम हेल्पलाइन

परप्रांतीय महिला की मदद के लिए पहुंची 181 अभयम हेल्पलाइन

काम का लालच दिलाकर अंजान महिला ने ऐंठ लिए थे मेहनत से बचाए 500 रुपए, अंजान जगह पर छोड़कर चली गई थी

महिला हेल्पलाइन नंबर 181 द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्य आए दिन सामने आते रहते है। ऐसा ही एक बार फिर से हुआ है, जहां एक एक व्यक्ति ने 181 महिला हेल्पलाइन पर कॉल किया और हेल्पलाइन टीम को बताया की सुबह से यह परप्रांतीय महिला यहाँ बैठी हुई है। इसके चलते उन्होंने उस महिला की मदद करने की अपील की। टीम ने तुरंत ही घटनास्थल पर पहुँचकर महिला की मदद की जिसके चलते महिला ने अभयम टीम का आभार व्यक्त किया था। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरत के वेड इलाके में रहने वाली मूल यूपी की यह महिला अपने पति और दो बालकों के साथ रहती है। पति कोई काम नहीं करता, जिसके चलते उसका घर चलाना काफी मुश्किल हो गया था। यही नहीं पिता अपने बच्चों की ज़िम्मेदारी भी नहीं उठा रहे थे। जिसके चलते मीना कुमारी नाम की यह महिला खुद काम की खोज में निकली थी। काम की खोज में निकली इस महिला को एक अंजान महिला ने काम दिलाने की लालच देकर उसके पास से 500 रुपए ऐंठ लिए और कतारगाम इलाके में छोड़ दिया था। 
महिला को अपने घर का रास्ता पूरी तरह से मालूम नहीं था, जिसके चलते वह पूरा दिन वहीं बैठी रही थी। जब एक व्यक्ति की नजर उस पर पड़ी तो उसने मदद करने की भावना से अभयम महिला हेल्पलाइन में फोन किया था। अभयम टीम तुरंत वहाँ पहुंची और उसके बाद महिला के साथ रहकर उसका घर ढूंढा और उसे उसके परिवार तक पहुंचाया गया था। इसके अलावा टीम ने घर में बैठे आलसी पति को भी काम करके घर की ज़िम्मेदारी उठाने का निर्देश दिया था।