राज्यसभा की 19 सीटों पर मतदान जारी, गुजरात की चार सीट पर पांच कैंडिडेट

- 8 राज्यों में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगी वोटिंग
- वोटिंग के तुरंत बाद शाम 5 बजे से वोटों की गिनती की जाएगी
यहां होने हैं चुनाव
- गुजरात-4
- आंध्र प्रदेश-4
- मध्य प्रदेश-3
- राजस्थान-3
- झारखंड-2
- मणिपुर-1
- मेघालय-1
- मिजोरम-1
देश में कोरोना संक्रमण के बीच शुक्रवार को मप्र सहित 8 राज्यों की 19 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान होंगे। सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग कराई जाएगी। वोटिंग के तुरंत बाद शाम 5 बजे से वोटों की गिनती की जाएगी। मप्र की तीन सीटों के लिए मतदान होना है। कांग्रेस की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया तथा भाजपा की ओर से ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रो. सुमेर सिंह सोलंकी प्रत्याशी हैं। भाजपा के पास राज्यसभा की दोनों सीटों पर जीत हासिल करने के लिए पर्याप्त संख्या है। जबकि दिग्विजय सिंह कांग्रेस से पहली वरीयता और फूल सिंह बरैया दूसरे उम्मीदवार हैं।
कांग्रेस और भाजपा के कई बड़े नेताओं के चेहरे दांव पर लगे हैं, इसीलिए दोनों पार्टियां अपने-अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए हरसंभव कोशिश में जुटी है। भाजपा ने मध्य प्रदेश और गुजरात में कांग्रेस का समीकरण बिगाड़ दिया है। वहीं, कांग्रेस ने मणिपुर में एनपीपी को मिलकर भाजपा के गणित को फेल कर दिया है तो झारखंड में जेएमएम प्रमुख हेमंत सोरेन महगठबंधन की नैया पार लगाने के लिए मोर्चा संभाले हुए हैं।
दिग्विजय को 52 की जगह 54 विधायक देंगे वोट
राज्यसभा चुनाव से एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सिंह के बंगले पर गुरूवार को मॉक पोल हुआ। क्रास वोटिंग आशंका के चलते पार्टी के उम्मीदवार दिग्विजय सिंह की जीत सुनिश्चित करने के लिए 52 की जगह 54 विधायकों को वोट डालने को कह दिया गया। पार्टी की ओर से दावा किया गया कि सभी विधायक एकसाथ हैं। कहीं कोई चूक न हो जाए, इसलिए दो अतिरिक्त विधायकों को दिग्विजय को ही वोट करने को कहा है। इसके बाद अब राज्यसभा की दो सीटें भाजपा और कांग्रेस की एक सीट पक्की हो गई है।
मप्र में राज्यसभा चुनाव का गणित
भाजपा : पार्टी के 107 विधायकों का साथ। दो निर्दलीय, दो बसपा और एक सपा का भी समर्थन। यानि संख्या होगी 112 विधायक। दो सीटें पक्की। सिंधिया 19 जून को नहीं आएंगे, राज्यवर्धन दत्तीगांव होंगे प्रतिनिधि। वोटिंग की निगरानी उमाशंकर गुप्ता और बंशीलाल गुर्जर को दी। मतगणना स्थल पर यशपाल सिंह सिसोदिया, गिरीश गौतम तथा एजेंट अरविंद भदौरिया व विश्नोई रहेंगे।
कांग्रेस : पार्टी के 92 विधायक। निर्दलीयों को समर्थन लेने की कोशिश जारी, लेकिन संभावना बहुत ही कम।
वोटिंग के दिन कमलनाथ के घर से एक साथ जाएंगे सभी विधायक। पहले 54 विधायकों को निर्देश-दिग्विजय का नाम पहले नंबर पर लिखें। कमलनाथ का वोट भी दिग्विजय को।
वोट का गणित
राज्यसभा चुनाव में भाजपा से ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुमेर सिंह सोलंकी और कांग्रेस से दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया राज्यसभा प्रत्याशी हैं। मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीट हैं, जिनमें से 24 सीटों पर उपचुनाव होना है। 22 सीटों में विधायकों के दलबदल और 2 सीट विधायकों के निधन से खाली हुई है। फिलहाल भाजपा के पास 107 विधायक हैं और सपा, बसपा और निर्दलीय विधायकों (07) का समर्थन है। वहीं कांग्रेस के पास 92 विधायक हैं। राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए एक प्रत्याशी को 52 मत चाहिए इस लिहाज से भाजपा के खाते में 52-52 यानी 104 के हिसाब से 2 सीटें जानी सुनिश्चित है। वहीं कांग्रेस राज्यसभा चुनाव में एक सीट हासिल कर रही है।
We are confident that we will win all three #Rajyasabha seats. #Gujarat Chief Minister @vijayrupanibjp told @ahmedabadmirror that “all 3 #BJP
candidates are are sure to win. Let the results be out, we will know more of #Congress‘ internal fighting.”
This is a profound statement. pic.twitter.com/fN3rbHmXNm— Deepal.Trivedi (@DeepalTrevedie) June 19, 2020
गुजरात की चार सीट पर पांच कैंडिडेट
गुजरात में चार राज्यसभा सीटों पर पांच प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। भाजपा की ओर से अभय भारद्वाज और रमीलाबेन बारा के साथ तीसरे कैंडिडेट के तौर पर नरहरी अमीन मैदान में हैं जबकि कांग्रेस ने शक्ति सिंह गोहिल और भरत सिंह सोलंकी की साख दांव पर लगी हुई है।
Gujarat: Polling for #RajyaSabhaElection to take place today. In the state, polling to be held on four Rajya Sabha seats. Visuals from state legislative assembly in Gandhinagar. pic.twitter.com/S0bnotkQRR
— #Stay_Home #Stay_Safe (@imAnkeshanand) June 19, 2020
झारखंड में कांटे का मुकाबला
झारखंड की 2 राज्यसभा सीटों पर 3 उम्मीदवार मैदान में है। जेएमएम से शिबू सोरेन, भाजपा से झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश तो कांग्रेस से शहजादा अनवर किस्मत आजमा रहे हैं। विधायकों के आंकड़े के लिहाज से जेएमएम के शिबू सोरेन की एक सीट पक्की है और दूसरी सीट के लिए कांग्रेस और भाजपा के बीच शह-मात का खेल जारी है।
राजस्थान में भाजपा की बढ़ी टेंशन
राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों पर चार प्रत्याशियों चुनावी मैदान में होने के चलते काफी रोचक मुकाबला बन गया है। कांग्रेस की ओर से केसी वेणुगोपाल के अलावा दूसरे उम्मीदवार नीरज डांगी हैं। वहीं, भाजपा ने राजेंद्र गहलोत और ओंकार सिंह लखावत को मैदान में उतार है। एक राज्यसभा सीट के लिए 51 प्रथम वरीयता वाले विधायकों के वोटों की आवश्यकता होती है, ऐसे में कांग्रेस की राह आसान लग रही है।
आंध्र प्रदेश में वाईएसआर का पलड़ा भारी
आंध्र प्रदेश की 4 राज्यसभा सीटों पर पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। वाईएसआर कांग्रेस की ओर से पिल्ली सुभाष चंद्रबोस, मोपीदेवी वेंकटरमणास, आल्ला अयोध्या रामीरेड्डी और परिमल नत्वानी मैदान में हैं। वहीं, टीडीपी की ओर से वर्ला रामय्या मैदान में हैं। हालांकि, वाईएसआर की ओर से चौथी सीट के लिए परिमल नत्वानी मैदान में हैं, जिन्हें जगन मोहन रेड्डी ने उद्योगपति मुकेश अंबानी के अनुरोध पर टिकट दिया है। नत्वानी दो टर्म झारखंड से राज्यसभा सदस्य रहे हैं। परिमल नत्वानी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की शीर्ष कोर टीम में शामिल हैं।
पूर्वोत्तर में भी कड़ा मुकाबला
पूर्वोत्तर के मणिपुर, मेघालय और मिजोरम की एक-एक राज्यसभा सीटों पर भी चुनाव हो रहे हैं। मेघालय में कांग्रेस के कनेडी कोमेलियस के खिलाफ मेघालय डेमोक्रेटिक गठबंधन से उतरे वंसुख सीम के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।