सर्वे : 87 फीसद भारतीय मोदी सरकार के काम से खुश

नई दिल्ली(ईएमएस)। चीन के वुहान शहर से फैले कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में तबाही मचा रखी है। सबसे ज्यादा नुकसान अमेरिका, इटली, स्पेन, ब्रिटेन आदि पश्चिमी देशों को हुआ है। मगर, मोदी सरकार ने जिस तरह से इस महामारी से लडऩे के लिए कदम उठाए, उसके बाद भारत में इसका प्रकोप नहीं फैला। यही वजह है कि लगभग 87 फीसद भारतीयों को लगता है कि उनके देश ने कोविड-19 संकट का सामना बेहतर तरीके से किया है।
एक नए सर्वे के अनुसार 23 देशों में भारत को तीसरे स्थान पर रखा गया है। ब्लैकबॉक्स रिसर्च और तोलुना सर्वे के अनुसार, कोविड-19 ने राष्ट्रीय मनोदशा पर बहुत ज्यादा नकारात्मक प्रभाव नहीं डाला है। सर्वे में बताया गया, 87 फीसद भारतीयों ने महसूस किया कि उनके देश ने संकट का अच्छी तरह से सामना किया है।
23 देशों में भारत तीसरे स्थान पर
सर्वे में शामिल 23 देशों के बीच भारत 59 अंकों के साथ तालिका में संयुक्त अरब अमीरात के साथ तीसरे स्थान पर है। इसमें कहा गया है कि आधे से अधिक भारतीयों ने संकट के बीच अपने राष्ट्रीय नेताओं का मूल्यांकन किया, जिसमें 69 फीसद लोग अपने शीर्ष राष्ट्रीय राजनेताओं से संतुष्ट थे। सर्वे के अनुसार, 45 फीसद भारतीयों ने महसूस किया कि कोविड-19 संकट में ताकतवर उद्योगपतियों ने अच्छी प्रतिक्रिया दी है, जो वैश्विक औसत से ऊपर है और भारत को शीर्ष पांच में शामिल करता है।
टाटा ग्रुप के रतन टाटा ने महामारी की शुरुआत में ही 1500 करोड़ रुपए की मदद दे दी थी। इस सर्वे में 85 अंकों के साथ चीन सूची में सबसे ऊपर है, जबकि वियतनाम 77 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। सर्वे के अनुसार, न्यूजीलैंड (56) तालिका में शामिल एकमात्र पश्चिमी देश है जो यह दर्शाता है कि पश्चिमी देशों में नागरिक आमतौर पर कम संतुष्ट हैं।