सूरत में लॉकडाउन में हुई अनोखी शादी

सूरत। लॉकडाउन चलते देशभर में सभी सामाजिक कार्य बंद है। ऐसे में सूरत में रविवार को एक युगल की अनोखी शादी देखने को मिली। यदि 10 मई का मुहूर्त निकल जाता तो इस युगल को एक साल का और इंतज़ार करना पड़ता। इसलिए युगल ने कल ही शादी रचा ली।
शहर के सोनीफलिया क्षेत्र में रहने वाले सुनील त्रिवेदी नें अपने पुत्र चिंतन की शादी के लिए कलेक्टर में गुहार लगायी थी जो कि मंज़ूर हो गई। इसके बाद वह नौ जनों कि बारात लेकर दुल्हन के घर कामरेज पहुँचे। दोनों और से सिर्फ़ घर के लोग उपस्थित थे। वहाँ पहले बारातियों का स्वागत सैनेटाइजर से किया गया।
कलेक्टर की सूचना थी कि शादी के दौरान सोशल डिस्टैंस का पालन करना और मास्क पहनना अनिवार्य है। कामरेज पहुँचने के बाद एक फ़्लैट में शादी रचाई गई। इस दौरान दुल्हा की ओर से उसके माता -पिता, दो भाई और मामा-मामी थे। दुल्हन की ओर से भी उनके माता-पिता थे। कुल मिलाकर इस शादी में 15 लोग शामिल हुए। दूल्हा और दुल्हन दोनों ने ही मास्क पहन रखे थे। मास्क पहन कर दुल्हा और दुल्हन ने सात फेरे लगाए।
दुल्हा के पिता सुनील भाई ने बताया कि यदि मुहूर्त निकल जाता तो एक साल इंतज़ार करना पड़ता। कई विधियाँ फिर से करनी पड़ती।इसलिए हमने कलेक्टर से शादी के लिए गुहार लगायी थी।इन दोनों की शादियां लॉकडाउन में पहले ही तय हो गयी थी लेकिन, लॉकडाउन के कारण यह मुसीबत आ गई। उन्होंने बताया कि हम शादी धूम धाम से करना चाहते थे लेकिन लॉकडाउन के कारण हमने सामान्य ढंग से शादी करा दी। इस कारण जो खर्च बचेगा वह ग़रीब लोगों को राशन किट बाँटेंगे।