एफआईएच प्रो लीग: हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय टीम घोषित, यूरोपीय दौरे पर पाकिस्तान-इंग्लैंड से भिड़ेगा भारत

एफआईएच प्रो लीग: हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय टीम घोषित, यूरोपीय दौरे पर पाकिस्तान-इंग्लैंड से भिड़ेगा भारत

नई दिल्ली, 27 मई (वेब वार्ता)। हॉकी इंडिया ने बुधवार को एफआईएच प्रो लीग 2025-26 के यूरोपीय चरण के लिए 24 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी।

स्टार डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह व्यक्तिगत कारणों से फरवरी में होबार्ट चरण से बाहर रहने के बाद टीम में वापसी करते हुए एक बार फिर कप्तानी संभालेंगे।

भारतीय टीम इस दौरे के दौरान नीदरलैंड, जर्मनी, इंग्लैंड और पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमों से भिड़ेगी। यह दौरा आगामी हॉकी विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बेल्जियम में तैयारी, फिर नीदरलैंड और इंग्लैंड में मुकाबले भारतीय टीम 7 से 9 जून तक बेल्जियम के ब्रुसेल्स में तैयारी शिविर और अभ्यास मैच खेलेगी। इसके बाद टीम 10 जून से नीदरलैंड के रॉटरडैम में रहेगी, जहां प्रो लीग मुकाबले खेले जाएंगे।

रॉटरडैम चरण के बाद भारतीय टीम इंग्लैंड के लंदन जाएगी, जहां पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले होंगे।