इंटरनेशनल
तालिबान ने माना, हकीमुल्ला मारा गया
इस्लामाबाद। पाकिस्तानी तालिबान ने मंगलवार को पुष्टि कर दी कि उसका प्रमुख हकीमुल्ला मेहसूद अमेरिकी ड्रोन हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद मारा गया। इस पुष्टि के बाद कुछ हफ्तों से हकीमुल्ला के जीवित होने को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर विराम लग गया। औरकजई कबायली इलाके के तालिबान सूत्रों ने टीवी समाचार चैनलों को बताया कि 28 वर्षीय मेहसूद 14 जनवरी को उत्तरी वजीरिस्तान के शक्तोई इलाके में अमेरिकी ड्रोन के हमले में बुरी तरह घायल हो गया था। सूत्रों ने बताया कि मेहसूद को इलाज के लिए कराची ले जाया जा रहा था लेकिन उसने पंजाब प्रांत में मुल्तान के समीप दम तोड़ दिया। उसके शव को वापस कबायली इलाके में ले जाया गया। बहरहाल, ऐसी भी खबरें हैं कि मेहसूद की मृत्यु करीब दो सप्ताह पूर्व हुई और उसे औरकजई एजेंसी में उसके ससुर के गांव में दफनाया गया। तहरीक-ए-तालिबान के प्रवक्ता आजम तारिक ने अब तक मेहसूद की मौत के बारे में कोई बयान जारी नहीं किया है। तारिक कहता रहा है कि मेहसूद जिंदा है और एक अज्ञात स्थान पर है। तालिबान सूत्रों ने यह भी कहा कि कमांडर नूर जमाल उर्फ मौलाना तूफान को पाकिस्तानी तालिबान का नया प्रमुख बनाया गया है। पाकिस्तानी और अमेरिकी सुरक्षा अधिकारी पिछले दो सप्ताहों से कह रहे थे कि उन्हें पूरा विश्वास है कि अमेरिकी ड्रोन हमले में घायल होने के बाद मेहसूद मारा गया है। मेहसूद की मौत की खबर सबसे पहले जनवरी के मध्य में आईं। इसके कुछ ही दिनों बाद तालिबान ने दो आडियो संदेश जारी किए जिसमें मेहसूद ने दावा किया कि वह जीवित है। अमेरिका ने वीडियो में महसूद को जार्डन के उस आत्मघाती हमलावर के साथ देखने के बाद ड्रोन हमले तेज कर दिए थे जिसने अफगानिस्तान के खोस्त प्रांत में हमला कर सीआईए के सात अधिकारियों को मार डाला था। दक्षिण वजीरिस्तान के कोटकई गांव में जन्मे मेहसूद की शिक्षा एक मदरसे में हुई थी। 11 सितंबर को अमेरिका में हुए हमले के बाद काबुल से तालिबान का सफाया कर दिया गया जिसके बाद उसने अफगानिस्तान के अन्य इलाकों में अमेरिकी बलों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। इसके बाद हकीमुल्ला कुर्रम, औरकजई और खैबर कबायली इलाकों में तालिबान लड़ाकों के प्रमुख कमांडर के तौर पर उभरा। उसने कबायली इलाके में अल्पसंख्यक सिख समुदाय पर जजिया कर भी लगाया। मेहसूद ने कई आत्मघाती हमलों की जिम्मेदारी ली थी। इनमें पेशावर के पांच सितारा पर्ल कांटिनेंटल होटल पर हुआ हमला भी शामिल था।
|