इंटरनेशनल
कदीर को पानी व चिकित्सा सुविधा रोकी
लाहौर। पाकिस्तान के बदनाम परमाणु वैज्ञानिक अब्दुल कदीर खान ने एक अदालत को बताया कि सरकार ने न्यायालय के एक फैसले की आड़ में उनके पानी और चिकित्सा सेवा आपूर्ति पर रोक लगा दी है। खान के वकील सैयद अली जफर ने लाहौर हाईकोर्ट की एक पीठ से सोमवार को कहा कि हालांकि उनके मुवक्किल पर लगी पाबंदियों में नरमी लाने के लिए अदालत में जिरह जारी है लेकिन इसके बावजूद सरकार ने खान को अपने घर से बाहर जाने, यहां तक कि गंभीर रूप से बीमार अपने भाई को देखने के लिए जाने पर भी रोक लगा रखी है। जफर ने कहा कि खान के रिश्तेदारों और दोस्तों को भी उनसे मुलाकात की इजाजत नहीं दी जा रही है। इसके अलावा सरकार ने एक अप्रत्याशित कदम उठाते हुए खान के मकान की जलापूर्ति रोक दी है और उनके डॉक्टरों तथा अन्य चिकित्साकर्मियों को भी उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। जफर ने कहा कि इससे खान की सेहत पर काफी बुरा असर पड़ सकता है। वकील ने आरोप लगाया कि यह सब हाईकोर्ट के हाल के अंतरिम आदेश की आड़ में किया जा रहा है। उस आदेश में कोर्ट ने खान को सुरक्षा मुहैया कराने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि सरकार की यह कार्रवाई खान के मौलिक अधिकारों का गम्भीर हनन है और हाल में पारित करते वक्त हाईकोर्ट का ऐसा इरादा नहीं रहा होगा।
|