क्रिकेट
अमला के दोहरे शतक से मेहमान मजबूत
दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी 558 पर घोषित की अमला का पहला दोहरा शतक,नाबाद 253 रन बनाए भारत की सधी हुई शुरूआत बिना किसी नुकसान ने 25 रन जोड़े नागपुर । भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यहां खेले जा रहे दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट के दूसरे दिन आज हाशिम अमला (२५३) के दोहरे शतक और जैक कालिस के शतक की बदौलत मेहमान टीम ने अपनी पहली पारी छह विकेट खोकर ५५८ रन पर घोषित की। वहीं भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक बिना किसी नुकसान के २५ रन बना लिए हैं। गौतम गंभीर १२ और वीरेंद्र सहवाग ९ रन बनाकर खेल रहे हैं। पहले दिन अपने-अपने शतक पूरे करने के बाद आज कालिस और अमला ने संयम के साथ खेलते हुए कल के स्कोर २९१ को आगे बढ़ाना शुरू किया। इसी बीच अमला ने २८६ गेंदों पर १५ चौकों की मदद से १५० रन पूरे किए। कालिस अपने दोहरे शतक की तरफ बढ़ ही रहे थे कि हरभजन ने उन्हें मुरली विजय के हाथों कैच कराकर वापस भेजा और टीम इंडिया के लिए मुसीबत बन रही इस जोड़ी को तोड़ा। कालिस ने ३५१ गेंदों का सामना कर १५ चौके और दो छक्कों की मदद से १७३ रन की पारी खेली। दोनों के बीच आज ५५ रन की साझेदारी हुई। कालिस के आउट होने के बाद अमला ने डटकर खेलते हुए एबी डीविलियर्स के साथ १०८ रन की साझेदारी कर अपनी टीम को विशाल स्कोर की ओर बढ़ा दिया। इस दौरान डीविलियर्स ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि अर्धशतक पूरा करने के बाद ही जल्द ही वे सहवाग की गेंद पर बद्रीनाथ को कैच थमाकर वापस लौट गए। इसके बाद अमला ने संयम से खेलते हुए टेस्ट कैरियर में अपना पहला दोहरा शतक पूरा किया। हरभजन ने भारत को दूसरे सत्र में एक और सफलता दिलाते हुए जीन पाल डुमनी (९) को एलबीडब्ल्यू आउट कर अपनी टीम को राहत दिलाई। अमला के आगे भारतीय गेंदबाजों की एक नहीं चली और उन्होंने आसानी से रन बटोरते हुए अपनी टीम के स्कोर को ५०० के पार पहुंचाया। बाउचर ने भी अमला का बखूबी साथ दिया। हालांकि वह ३९ रन के निजी स्कोर पर जहीर की गेंद पर मिश्रा के हाथों लपके गए। इसके बाद अमला ने ४६९ गेंदों पर २५० रन पूरे किए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने में चार ओवर बाकी थे तभी मेहमान टीम के कप्तान ग्रीम स्मिथ ने ५५८ रन पर पारी घोषित कर दी। अमला २२ बाउंड्री की मदद से २५३ रन बनाकर नाबाद रहे। सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर और विस्फोटक वीरेन्द्र सहवाग ने भारतीय पारी को सधी हुई शुरूआत दी है। भारत ने बिना कोई विकेट खोए २५ रन बना लिए हैं। गंभीर १२ और सहवाग ९ रन बनाकर क्रीज पर हैं।
|
|
|