क्रिकेट
अधिक टेस्ट व वनडे खेलना चाहते हैं सहवाग
मुंबई । भले ही ट्वेंटी-२० का आकर्षण लोगों को खींच रहा हो लेकिन भारत के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की प्राथमिकता क्रिकेट के इस छोटे प्रारूप के बजाय टेस्ट और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच हैं। सहवाग ने यहां एलजी आईसीसी वार्षिक पुरस्कारों के नामितों की सूची की घोषणा के दौरान संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मैं ट्वेंटी-२० की बजाय अधिक टेस्ट और एकदिवसीय मैच खेलना पसंद करूंगा। मैं जानता हूं कि ट्वेंटी-२० बहुत लोकप्रिय हो गया है लेकिन मैं साल में कम से आठ से दस टेस्ट मैच खेलना चाहूंगा। इस समय जबकि शेन वार्न सहित कुछ पूर्व क्रिकेटर ५० ओवर के खेल को समाप्त करने की मांग कर रहे हैं और इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने अपने घरेलू कार्यक्रम से एकदिवसीय मैचों को हटा दिया है, सहवाग ने तीनों प्रारूप को बनाये रखने की वकालत की। इस स्टार बल्लेबाज ने कहा कि बीस-बीस ओवर का खेल बड़ा है और भविष्य में इसी का बोलबाला हो सकता है लेकिन मैं अधिक टेस्ट और एकदिवसीय मैच खेलना चाहूंगा। मैं आईसीसी को टेस्ट मैचों की विश्व चैंपियनशिप शुरू करने का संदेश देना चाहूंगा। प्रत्येक क्रिकेटर टेस्ट मैच खेलकर उसमें अच्छा प्रदर्शन करना चाहता है। टेस्ट क्रिकेट ही असली क्रिकेट है और इसी में आपकी असली परीक्षा होती है।
|